मशहूर फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी अपनी फिल्मों में एक्शन के लिए मशहूर हैं। इन दिनों वह अपने खतरों से भरे शो खतरों के खिलाड़ी के लिए चर्चा में हैं। इस शो की शूटिंग साउथ अफ्रीका में शुरू भी हो चुकी है। रोहित इन दिनों सिंघम अगेन को लेकर भी चर्चा में बने हुए हैं। सिंघम की 2 सफल किश्तों के बाद अब रोहित और अजय ‘सिंघम अगेन’ की तैयारियों में जुट गए हैं। आए दिन फिल्म से जुड़ी तरह-तरह की जानकारी सामने आ रही है। अब खबर आ रही है कि इस फिल्म में एक और सितारे की एंट्री हो गई है।
रोहित शेट्टी ने कुछ समय पहले ही सिंघम अगेन की कास्टिंग की जानकारी दी थी। रोहित शेट्टी की कॉप यूनिवर्स के सभी सितारे तीसरी किश्त में भी नजर आने वाले हैं, लेकिन करीना कपूर और दीपिका की नई एंट्री है। अब खबर आ रही है कि विक्की कौशल भी इस फिल्म में नजर आ सकते हैं। विक्की कौशल और रोहित शेट्टी सिंघम अगेन के लिए कुछ समय से बातचीत कर रहे हैं और रोहित शेट्टी फिल्म में विक्की कौशल के लिए प्रॉपर कैरेक्टर के लिए भी काम कर रहे हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक सिंघम अगेन की शूटिंग इस साल अगस्त से शुरू हो सकती है। इसे भारत समेत दुनिया के कई अलग-अलग लोकेशंस पर शूट करने की प्लानिंग है। सिंघम अगेन में विक्की कौशल का नाम आने के बाद स्टारकास्ट अब और भी बड़ी हो गई है। अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक इस फिल्म में अजय देवगन, करीना कपूर, दीपिका पादुकोण, अक्षय कुमार, रणवीर सिंह और विक्की कौशल के नाम शामिल है। बता दें कि रोहित ने पहले सिंघम के दो पार्ट बना रखे है, लेकिन वह तीसरे पार्ट को अलग लेवल पर लेकर जाना चाहते हैं।