अभिनेत्री रश्मिका मंदाना भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के लिए जाना पहचाना नाम हैं। बीते कुछ समय में वह कई बड़ी फिल्मों का हिस्सा रही हैं। वह पिछले साल रणबीर कपूर की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘एनिमल’ में नजर आई थीं। इसके अलावा वह सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की आगामी फिल्म ‘पुष्पा 2’ का भी हिस्सा हैं। सोशल मीडिया पर उन्हें काफी पसंद किया जाता है। कई फैंस उन्हें ‘नेशनल क्रश’ भी बुलाते हैं। इनके अलावा कई फिल्म निर्माताओं भी उन्हें अपनी फिल्मों का हिस्सा बनाना चाहते हैं। इस बीच अभिनेत्री ने स्वयं इस निर्देशक के साथ काम करने की इच्छा जतायी है।
बीते सोमवार को ‘पुष्पा 2’ की अभिनेत्री ‘गम गम गणेशा’ के प्री-रिलीज कार्यक्रम में शामिल हुईं थीं। इस दौरान उन्होंने साफ तौर पर बेहद सफल निर्देशक साई राजेश के साथ काम करने की इच्छा व्यक्त की। अभिनेत्री ने बताया कि साई राजेश की फिल्म ‘बेबी’ देखने के बाद उनकी आंखों में आंसू आ गए थे। वह तभी से उनके साथ काम करना चाहती हैं। अभिनेत्री ने राजेश की अद्भुत और असाधारण निर्देशन एवं अटूट समर्पण की तारीफ की। इस दौरान रश्मिका ने उनके निर्देशन में एक जटिल किरदार निभाने की इच्छा जाहिर की। ‘गम गम गणेशा’ एक क्राइम कॉमेडी है। फिल्म में आनंद देवरकोंडा और प्रगति श्रीवास्तव मुख्य भूमिका में नजर आने वाले हैं। नवोदित निर्देशक उदय शेट्टी द्वारा निर्देशित यह फिल्म 31 मई, 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज होने को तैयार है।
बात करें रश्मिका के वर्क फ्रंट की तो फिलहाल अभिनेत्री अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘पुष्पा 2’ को लेकर व्यस्त चल रही हैं। फिल्म को सुकुमार निर्देशित कर रहे हैं। फिल्म इस साल 15 अगस्त को रिलीज होगी। इसके अलावा वह सुपरस्टार सलमान खान के साथ फिल्म ‘सिकंदर’ में नजर आने वाली है। यह फिल्म अगले साल रिलीज होने वाली है। इसके साथ ही वह संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म ‘एनिमल’ के अगले भाग में भी नजर आएंगी। वह इस फिल्म में अपने पिछले किरदार को आगे बढ़ाते दिखेंगी।