विक्की कौशल इन दिनों ‘छावा’ फिल्म को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। इस फिल्म के जरिए वे रश्मिका मंदाना के साथ पहली बार साथ काम करते नजर आएंगे। फिल्म में विक्की छत्रपति संभाजी महाराज की भूमिका निभाएंगे, जबकि रश्मिका मंदाना येसूबाई भोसले की भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है। वहीं अब विक्की कौशल ने अपना नया लुक जारी किया है, जिसे देख फैंस भी हैरान रह गए।
सिनेमाघरों में फिल्म की रिलीज से पहले अभिनेता ने फिल्म से अपना एक नया इंटेंस पोस्टर शेयर किया है। छावा ने विक्की और रश्मिका के प्रशंसकों के बीच काफी चर्चा बटोरी है और इस नए पोस्टर ने उनकी उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। नए पोस्टर में विक्की का दिल दहला देने वाला लुक देखने को मिला, जिसमें अभिनेता पूरी तरह से खून से लथपथ हैं और उनकी शरीर पर अनगिनत चोटों के निशान भी हैं। वहीं, पोस्टर में विक्की को रस्सी से बांधे हुए सैकड़ों सैनिक पीछे की ओर घसीटते नजर आ रहे हैं।
विक्की ने पोस्टर को कैप्शन के साथ साझा किया। उन्होंने लिखा, ‘मिलते हैं छावा दिवस पर। विक्की ने 14 फरवरी को ‘छावा दिवस’ करार दिया है। फिल्म का ट्रेलर पहले ही रिलीज हो चुका है, जिसने फैंस के बीच फिल्म की रिलीज को लेकर उत्सुकता को बढ़ा दिया। ट्रेलर में मराठों और मुगलों के बीच युद्ध के दृश्य दिखाए गए। वहीं, इससे पहले फिल्म का पहला गाना ‘जाने तू’ रिलीज हुआ।
View this post on Instagram
इससे पहले फिल्म के गाने के दृश्य को लेकर ही विवाद शुरू हुआ। दरअसल, हाल ही में फिल्म एक ऐसे दृश्य के कारण विवादों में घिर गई थी, जिसमें मराठा सम्राट छत्रपति संभाजी महाराज को नाचते हुए दिखाया गया था। इस आपत्तिजनक दृश्य के कारण इतिहासकारों और विभिन्न संगठनों ने आपत्ति जताई। कई लोगों ने तो इस ऐतिहासिक ड्रामा पर प्रतिबंध लगाने की भी मांग की। हालांकि निर्माताओं ने उस दृश्य को हटाने का फैसला किया।
मैडॉक फिल्म्स द्वारा निर्मित, छावा में रश्मिका मंदाना, अक्षय खन्ना, आशुतोष राणा, दिव्या दत्ता और नील भूपालम भी हैं। फिल्म में आशुतोष राणा सरसेनापती हंबीरराव मोहिते की भूमिका में नजर आएंगे। अक्षय खन्ना औरंगजेब का किरदार निभाएंगे, जबकि दिव्या सोयराबाई की भूमिका में नजर आएंगी। यह फिल्म 14 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।