करवा चौथ हिंदू परंपरा में बहुत खास त्योहार है। इस दिन शादीशुदा महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य के लिए दिनभर बिना खाए-पिए व्रत रखती हैं। शाम को चांद देखकर व्रत खोलती हैं। लेकिन क्या आपको पता है कि बॉलीवुड की कुछ अभिनेत्रियां करवा चौथ के व्रत को नहीं रखती हैं। जानिए ऐसा क्यों….
करीना कपूर खान और सैफ अली खान ने एक निजी समारोह में 16 अक्तूबर 2012 को शादी की थी। सैफ और करीना को शादी का फैसला करते समय उन्हें कड़ी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। करीना कपूर अपने पति सैफ के लिए करवा चौथ का व्रत नहीं रखती हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, करीना का मानना है कि रिश्ते की मजबूती के लिए प्यार और सम्मान ज्यादा जरूरी है, न कि भूखे रहना। काम की बात करें तो करीना निर्देशक मेघना गुलजार की ‘दायरा’ में नजर आएंगी।
रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण ने नवंबर 2018 में इटली के लेक कोमो में दो अलग-अलग दिनों में, कोंकणी और सिंधी रीति-रिवाजों से शादी की थी। शादी के बाद दोनों ने बेंगलुरु और मुंबई में रिसेप्शन भी आयोजित किए। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार दीपिका पादुकोण भी करवा चौथ का व्रत नहीं रखतीं। रणवीर सिंह से शादी के बाद उन्होंने इस परंपरा को नहीं अपनाया। दीपिका का मानना है कि सच्चे रिश्ते प्यार, भरोसे और समझदारी पर टिकते हैं, न कि व्रत रखने पर।
सोनम कपूर और आनंद आहूजा ने 8 मई 2018 को मुंबई में सिख रीति-रिवाजों के अनुसार शादी की थी। यह शादी कारज की रस्म के साथ हुई थी, जिसमें दूल्हा-दुल्हन गुरु ग्रंथ साहिब के चारों ओर फेरे लेते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सोनम कपूर करवा चौथ का व्रत नहीं रखती हैं। हालांकि, वे इस त्योहार में परिवार और दोस्तों के साथ शामिल जरूर होती हैं।
ट्विंकल खन्ना और अक्षय कुमार ने 17 जनवरी 2001 को शादी की थी। अक्षय कुमार की पत्नी और अभिनेत्री-लेखिका ट्विंकल खन्ना भी इस व्रत को नहीं रखतीं। उनका मानना है कि पति की लंबी उम्र के लिए भूखा रहना जरूरी नहीं है। वे अपनी सोच और जीवनशैली के हिसाब से जीना पसंद करती हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हेमा मालिनी और धर्मेंद्र की शादी 1980 में हुई थी। बॉलीवुड की ‘ड्रीम गर्ल’ हेमा मालिनी भी करवा चौथ का व्रत नहीं रखतीं। वे मानती हैं कि पति की लंबी उम्र के लिए दुआ और सकारात्मक सोच ज्यादा महत्वपूर्ण है। वे अपने तरीके से रिश्तों को निभाना पसंद करती हैं।
रत्ना पाठक और नसीरुद्दीन शाह ने 1982 में एक-दूसरे से शादी रचाई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नसीरुद्दीन शाह की पत्नी और अभिनेत्री रत्ना पाठक शाह भी इस व्रत को नहीं रखतीं। उनका कहना है कि रिश्ते की मजबूती के लिए विश्वास और देखभाल ही काफी है।