फिल्म ‘स्पिरिट’ दीपिका ने जब से छोड़ी है, वे लगातार सुर्खियों में हैं। दरअसल, दीपिका ने कथित तौर पर अपनी कुछ शर्तों के चलते यह फिल्म छोड़ी, जिसमें आठ घंटे की शिफ्ट टाइमिंग और तगड़ी फीस जैसी बातें शामिल हैं। इसके बाद इंडस्ट्री के तमाम लोग दीपिका के समर्थन में आए हैं, साथ ही आठ घंटे की शिफ्ट टाइमिंग पर भी चर्चाएं हो रही हैं। इस बीच दीपिका पादुकोण ने आज शनिवार को एक पोस्ट शेयर किया है, जो वायरल हो रहा है।
दीपिका पादुकोण इन दिनों सोशल मीडिया पर कम ही एक्टिव हैं। हाल ही में अपने पति और अभिनेता रणवीर सिंह के जन्मदिन और उनकी आगामी फिल्म ‘धुरंधर’ के फर्स्ट लुक पर भी उन्होंने कोई रिएक्शन नहीं दिया। लेकिन, आज शनिवार को जरूर उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने सेल्फ केयर मंथ में खुद की देखभाल करने का तरीका बताया है।
दीपिका पादुकोण ने अपनी एक सेल्फी शेयर की है। इसमें वे फेस मास्क लगाए दिख रही हैं। इसके साथ कैप्शन लिखा है, ‘मेरे लिए सेल्फ केयर का मतलब है रोजमर्रा की ऐसी छोटी-छोटी रस्में अपनाना, जो खुशियां लाती हैं। हम सेल्फ-केयर मंथ मना रहे हैं। तो क्या आप अपने लिए भी कुछ फुरसत के पल निकालने के बारे में सोच रहे हैं’?
दीपिका पादुकोण के वर्क फ्रंट की बात करें तो बेशक संदीप रेड्डी वांगा की ‘स्पिरिट’ उनके हाथ से निकल गई है, मगर दिग्गज निर्देशक एटली की अगली फिल्म में वे नजर आएंगी। इस फिल्में अल्लू अर्जुन लीड रोल में हैं। इस फिल्म का टाइटल तय नहीं है और अस्थाई तौर पर इसे ‘AA22XA6’ कहा जा रहा है। बीते दिनों मेकर्स ने एनाउंसमेंट वीडियो शेयर किया था, जिसमें दीपिका पादुकोण को तलवारबाजी करते देखा जा रहा था। वहीं, अल्लू अर्जुन उन्हें स्क्रिप्ट के बारे में बता रहे थे।