बॉलीवुड के सदाबहार अभिनेता अनिल कपूर की मां निर्मल कपूर का 2 मई 2025 को 90 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उम्र संबंधी बीमारियों के कारण उन्होंने मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में अंतिम सांस ली। शनिवार, 3 मई को उनका अंतिम संस्कार विले पार्ले के पवन हंस श्मशान घाट पर किया गया। इस दौरान कपूर परिवार को सांत्वना देने के लिए बॉलीवुड के कई बड़े सितारे पहुंचे, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा में रहा अनिल कपूर का उनके खास दोस्त जैकी श्रॉफ के साथ भावुक पल, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इस दुखद मौके पर अनिल कपूर के सबसे करीबी दोस्त जैकी श्रॉफ उनके साथ मजबूती से खड़े दिखे। एक वायरल वीडियो में जैकी को अनिल के कंधे पर हाथ रखकर उन्हें सांत्वना देते देखा गया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और यूजर्स ने जैकी की इस संवेदनशीलता और दोस्ती की तारीफ की।
वायरल वीडियो देख एक यूजर ने लिखा, ‘जैकी श्रॉफ जैसे दोस्त हर किसी को मिलें। अनिल कपूर के लिए यह कितना बड़ा सहारा होगा।’ एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘यह दोस्ती बॉलीवुड में मिसाल है। जैकी भाई का दिल बहुत बड़ा है।’ एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘राम लखन’। एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘अनिल कपूर अपने जैकी दादा का बिडू है।’
View this post on Instagram
जैकी श्रॉफ और अनिल कपूर की दोस्ती दशकों पुरानी है। दोनों ने ‘राम लखन’, ‘1942: ए लव स्टोरी’, और ‘परिंदा’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया है। जैकी अक्सर फिल्मों में अनिल कपूर के बड़े भाई बने हैं, जबकि हकीकत में वह अनिल से एक वर्ष छोटे हैं। जैकी ने हमेशा अनिल को अपने परिवार का हिस्सा माना है। ऐसे में इस मुश्किल समय में जैकी श्रॉफ अपने दोस्त अनिल कपूर का सहारा बने।
निर्मल कपूर मशहूर फिल्म निर्माता सुरिंदर कपूर की पत्नी और अनिल कपूर, बोनी कपूर, संजय कपूर व रीना कपूर मारवाह की मां थीं। वह 11 पोते-पोतियों, जिनमें सोनम कपूर, अर्जुन कपूर, जाह्नवी कपूर, खुशी कपूर, शनाया कपूर और चार परपोतों की दादी थीं। कपूर परिवार ने शुक्रवार रात एक बयान जारी कर कहा, ‘2 मई 2025 को निर्मल कपूर ने अपने प्रियजनों के बीच शांतिपूर्वक अंतिम सांस ली। उन्होंने पूर्ण और आनंदमय जीवन जिया, अपने पीछे चार समर्पित बच्चे, प्यारी बहुएं, एक दयालु दामाद, और अनमोल यादें छोड़ीं।’ बयान में यह भी कहा गया कि उनका उदार स्वभाव और असीम प्यार सभी के दिलों में हमेशा जिंदा रहेगा।