बॉलीवुड अभिनेत्री अथिया शेट्टी के घर नन्हीं परी ने जन्म लिया है। अथिया ने अपनी बेटी के आगमन की खुशी को अपने फैंस के साथ साझा किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर यह खबर दी, जिसके बाद उनके चाहने वालों में उत्साह की लहर दौड़ गई।
अथिया ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक संक्षिप्त और भावुक संदेश के जरिए घर के नए सदस्य के आगमन की जानकारी दी। उनकी इस घोषणा के बाद फैंस और इंडस्ट्री के दोस्तों ने उन्हें बधाई देना शुरू कर दिया। यह उनके और उनके पति केएल राहुल के लिए बेहद खास पल है।
इस खबर के सामने आते ही कई फिल्मी सितारों ने अथिया और केएल राहुल को बधाइयां दीं। मृणाल ठाकुर ने पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए लिखा, “बधाई”। इसके साथ उन्होंने लाल दिल वाले इमोजी भी साझा किए। वहीं, शनाया कपूर, कियारा आडवाणी, टाइगर श्रॉफ, भूमि पडनेकर, कृति सेनन, सोफी चौधरी समेत कई सितारों ने भी इस पोस्ट को देखकर अपनी खुशी व्यक्त की।
View this post on Instagram
अथिया शेट्टी और केएल राहुल की लव स्टोरी काफी दिलचस्प है। दोनों की मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी। इसके बाद धीरे-धीरे उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई। बाद में, सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के लिए प्यार भरे कमेंट्स और तस्वीरें साझा करते हुए दोनों ने अपने रिश्ते को खुलकर जाहिर कर दिया। लंबे समय तक डेटिंग के बाद अथिया और राहुल ने 23 जनवरी 2023 को सुनील शेट्टी के खंडाला वाले फार्महाउस में शादी रचाई। यह शादी बेहद निजी और सादगी भरी थी, जिसमें सिर्फ करीबी रिश्तेदार और दोस्त शामिल हुए थे।
वर्क फ्रंट की बात करें अथिया शेट्टी ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 2015 में सलमान खान के प्रोडक्शन हाउस की फिल्म ‘हीरो’ से की थी। इस फिल्म में उनके साथ सूरज पंचोली मुख्य भूमिका में थे। इसके बाद उन्होंने साल 2017 में ‘मुबारकां’ में अनिल कपूर और अर्जुन कपूर के साथ काम किया। साल 2019 में वह ‘मोतीचूर चकनाचूर’ में नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ नजर आईं। पिछले कुछ समय से वह फिल्मों से दूर हैं। हालांकि, सोशल मीडिया पर वह लगातार सक्रिय रहती हैं।