90 के दशक की सबसे खूबसूरत और फेमस अभिनेत्रियों में रवीना टंडन का नाम भी शामिल है। अभिनेत्री ने अपने फिल्मी करियर में अब तक कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया है। आज यानी 26 अक्तूबर को रवीना अपना 48वां जन्मदिन मना रही हैं। उनके जन्मदिन पर आइए जानते हैं उनसे जुड़ी कुछ बातें.
रवीना का बचपन मुंबई में गुजरा है। उनके पिता का नाम रवि टंडन और मां का नाम वीना है। दोनों के नाम को मिलाकर उनका नाम रवीना रखा गया। उनके घर का नाम मुनमुन है। एक्ट्रेस ने अपनी शुरुआती शिक्षा जमुनाबाई पब्लिक स्कूल से हासिल की। इसके बाद उन्होंने स्नातक करने के लिए मीठीबाई कॉलेज में दाखिला ले लिया। उन्होंने कॉलेज के दिनों से मॉडलिंग शुरू कर दी थी। उनकी सुंदरता की वजह से उन्हें पढ़ाई के दौरान ही बहुत से ऑफर मिलने लगे थे जिसके बाद उन्होंने ग्रेजुएशन के दूसरे साल में ही पढ़ाई छोड़ दी थी।
रवीना ने साल 1991 में महज 17 साल की उम्र में ही फिल्मों में कदम रख दिया है। उनकी पहली फिल्म सलमान खान के साथ थी। इस फिल्म का नाम ‘पत्थर के फूल’ था। फिल्म में रवीना की एक्टिंग और उनकी खूबसूरती की खूब तारीफ हुई। उन्हें न्यू फेस ऑफ द ईयर का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला। इसके बाद एक्ट्रेस ने कभी भी पीछे मुड़कर नहीं देखा। ‘अंदाज अपना अपना’ और ‘मोहरा’ जैसी फिल्मों के लिए उन्हें आज भी याद किया जाता है। फिल्म मोहरा का आइकॉनिक गाना ‘टिप टिप बरसा पानी’ तो आज भी लोग यूट्यूब पर देखना पसंद करते हैं। इस गाने में एक्ट्रेस ने अपनी बोल्डनेस से पानी में आग लगा दी थी। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो रवीना ने कई बड़ी बॉलीवुड को अब तक रिजेक्ट किया है। कुछ कुछ होता है में रानी मुखर्जी और दिल तो पागल है में करिश्मा का रोल पहले उन्हें ही ऑफर हुआ था लेकिन एक्ट्रेस ने यह फिल्म नहीं की।
उनकी निजी जिंदगी की बात करें तो 90 के दशक में उनका नाम कई सितारों के साथ जुड़ चुका है। कई रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया था कि अक्षय कुमार के साथ उन्होंने मंदिर में सगाई तक कर ली थी लेकिन उनका यह रिश्ता ज्यादा दिनों तक नहीं चल सका था। रवीना ने शादी से पहले दो बच्चों छाया और पूजा को गोद लिया था। तब एक्ट्रेस की उम्र महज 21 साल थी। अब उनकी दोनों ही बेटियों की शादी हो चुकी हैं और उनके बच्चे भी हैं। इस हिसाब से वह अब नानी बन चुकी हैं। साल 2004 में रवीना ने अनिल थडानी नाम के डिस्ट्रीब्यूटर से शादी की थी। उनके दो बच्चों भी हैं जिनके नाम रणबीर और राशा हैं।