राखी सावंत की मां का निधन, ब्रेन ट्यूमर-कैंसर से थीं पीड़ित

0
830

राखी सावंत की मां का निधन हो गया है। वह लंबे समय से ब्रेन ट्यूमर और कैंसर से पीड़ित थीं। राखी की मां जया सावंत लंबे समय से बीमार थीं और उनका इलाज टाटा मेमोरियल कैंसर अस्पताल में चल रहा था। राखी के पति आदिल दुर्रानी ने जया के निधन की पुष्टि की है। राखी की मां की तबीयत काफी समय से खराब थी। राखी को कई बार अस्पताल के बाहर स्पॉट किया जा चुका है।

   

राखी मीडिया के सामने कई बार अपनी मां का हेल्थ अपडेट भी देती नजर आती थीं। साथ ही, वह फैंस से लगातार अपनी मां के लिए दुआ करने की अपील भी किया करती थीं। जया के निधन से राखी और उनके फैंस पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

बता दें कि राखी सावंत हाल ही में बिग बॉस मराठी में नजर आई थीं। शो से बाहर आने के बाद उन्हें अपनी मां की तबीयक के बारे में जानकारी मिली थी। वह तुरंत अस्पताल पहुंची थीं। इसके बाद सोशल मीडिया पर उन्होंने अपने फैंस को अपनी मां की बीमारी के बारे में बताया था। इस दौरान राखी भावुक हो गई थीं और उनके आंखों में आंसू आ गए थे।

गौरतलब है कि राखी सावंत एक्टिंग और डांसिग के अलावा किसी न किसी वजह से हमेशा सुर्खियों में बनी रहती हैं। हाल ही में उन्होंने आदिल दुर्रानी से शादी कर फैंस को चौंका दिया था। राखी की शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थीं, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए थे। इसके अलावा शर्लिन चोपड़ा की ओर से एफआईआर दर्ज करने के बाद राखी को पुलिस ने हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की थी। हालांकि, बाद में पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया था। राखी पर मॉडल के आपत्तिजनक फोटो वायरल करने के आरोप हैं।