रकुलप्रीत ही नहीं, इन हसीनाओं के पेस्टल रंग के ब्राइडल लहंगों का जादू भी खूब चला देखें

0
80

वेडिंग सीजन चल रहा है, तो बाॅलीवुड सेलेब्रिटीज के घर भी शहनाइयां बज रही हैं। हाल ही में रकुलप्रीत सिंह और जैकी भगनानी की शादी संपन्न हुई। इस मौके पर रकुल के ब्राइडल लहंगे की खूब तारीफ हुई। हमें हैरानी नहीं हुई जब हमने रकुल को पेस्टल रंग के शानदार लहंगे में देखा क्योंकि इन दिनों बाॅलीवुड की हसीनाओं को अपनी शादी के लिए पेस्टल रंग के लहंगे ही खूब पसंद आ रहे हैं। रकुल से पहले कई सेलेब्रिटीज ने इन्हें अपनी शादी में पहना है।

रकुलप्रीत सिंह ने अपनी शादी के मौके पर पेस्टल रंग के लहंगे का चयन किया। इस लहंगे में रकुल बेहद खूबसूरत नजर आईं। इस पर किया गया एम्ब्राॅयडरी का काम इसे हटकर दिखा रहा था। ब्लश पिंक रंग के इस लहंगे पर फ्लोरल वर्क भी किया गया था। इस ब्राइडल लहंगे की शोभा बढ़ाई रकुल की हैवी पोलकी जूलरी ने। हालांकि, वह कम मेकअप में नजर आईं। रकुल का यह लहंगा तरुण तहिलियानी ने डिजाइन किया था।

परिणीति चोपड़ा के ब्राइडल लहंगे की भी खूब तारीफ हुई थी। इन्होंने भी पेस्टल रंग का लहंगा पहना। मनीष मल्होत्रा के डिजाइन किए गए इस लहंगे का रंग बेज था। इस पर किया गया कढ़ाई और मोतियों का काम भी कुछ खास नजर आया। परिणीति ने बड़ा सा हार इसके साथ पहना और मेकअप कम रखा। कहना गलत नहीं होगा कि परी इसमें सचमुच की परी जैसी लग रही थीं। परिणीति ने पिछले साल राजनेता राघव चड्ढा से शादी की थी।

कियारा आडवाणी अपनी शादी में कैसा लहंगा पहनेंगी, यह देखने का क्रेज भी उनके फैंस में कुछ कम नहीं था और जब कियारा ने अपनी शादी में लहंगा पहना, तो इसका साॅफ्ट पिंक कलर बहुत ही खूबसूरत दिखा। इसे भी मनीष मल्होत्रा ने ही डिजाइन किया था। इस पर काफी हैवी वर्क किया गया था। इस पर जरदोजी और स्वारोवस्की क्रिस्टल का काम हुआ था। सिर्फ लहंगा ही नहीं, बल्कि हीरे और पन्ने से सजा उनका नेकलेस भी लाजवाब था।

बाॅलीवुड एक्ट्रेस अथिया शेट्टी ने एक निजी समारोह में इंडियन क्रिकेटर के एल राहुल से शादी की थी। शादी के लहंगे के मामले में अथिया की चाॅइस भी बेहद खास दिखी। अथिया ने रोज कलर का लहंगा पहना जिसे अनामिका खन्ना ने डिजाइन किया था। इस पर बहुत ही सुंदर चिकनकारी का काम किया गया था। चिकनकारी के काम के साथ जरदोजी और जाली वर्क इसे बेहद सुंदर बनाया गया। अथिया की खूबसूरती में चार चांद लगाने का काम इस लहंगे ने बखूबी किया।

नेहा कक्कड़ ने अपनी शादी के लिए पेस्टल रंग का लहंगा चुना था। नेहा ने पेल पिंक कलर का सब्यसाची द्वारा डिजाइन किया गया लहंगा पहना। नेहा के बिग डे के लिए इससे प्यारा कुछ और शायद ही होता! इस लहंगे को खास बनाया था इस पर किए मीनाकारी के काम ने। हेरिटेज जूलरी के साथ नेहा ने इसे कैरी किया, जो उन्हें एक राॅयल टच दे रहा था। शादी के वक्त नेहा और रोहनप्रीत की जोड़ी खूब जंची।