यह साल बॉलीवुड के लिए रहा गमगीन, इन सितारों ने कहा दुनिया को अलविदा

0
157

यह साल बॉलीवुड के लिए जितना अच्छा रहा है, उतना ही गमगीन भी रहा है। इस साल जहां बॉलीवुड के कई सितारे पेरेंट्स बने है, वहीं कई ऐसे सितारे भी हैं, जिन्हें बॉलीवुड ने खोया भी है। इस साल भारतीय संगीत की लेजेंड लता मंगेशकर और पंडित बिरजू महाराज जैसे कलाकारों ने दुनिया को और कला जगत को अलविदा कह दिया। इन कलाकारों का जाना सभी के लिए किसी बड़े दुख से कम नहीं था। ये कलाकार सभी की आंखें नम कर गए। कॉमेडी के बादशाह राजू श्रीवास्तव की असमय मौत ने सभी को स्तब्ध कर दिया। आइए आपको बताते हैं बॉलीवुड के ऐसे सितारो के बारे में जो इस साल हम सभी से हमेशा के लिए दूर चले गए।

भारतीय संगीत की रानी और ‘क्वीन ऑफ मेलोडी’ से सुशोभित लता मंगेशकर इस साल संगीत जगत और दुनिया को अलविदा कह चली गईं। ‘नाइटिंगेल ऑफ़ इंडिया’ के नाम से मशहूर लता मंगेशकर का 6 फरवरी, 2022 को 92 साल की आयु में मल्टीपल ऑर्गन डिसफंक्शन सिंड्रोम से निधन हो गया। लता मंगेशकर का जाना भारतीय सिनेमा जगत के लिए बेहद दुखद और एक अपूर्णीय क्षति थी।

जब भी प्रसिद्ध गायकों की बात होगी, उसमें बप्पी अपरेश लाहिड़ी का नाम हमेशा लिया जाएगा। लोग इन्हें बप्पी दा के नाम से बेहतर जानते थे, बप्पी दा बेहद प्रसिद्ध गायकों और संगीतकारों में शुमार थे। 15 फरवरी, 2022 को मुंबई में ऑब्सट्रक्टिव स्लीप एपनिया से बप्पी दा का निधन हो गया। संगीत के साथ ही बप्पी दा राजनीति में भी हाथ आजमा चुके थे। निधन के बाद भारतीय संगीत जगत से एक और कलाकार इस दुनिया को अलविदा कह कर चला गया।

कॉमेडी के बादशाह और मशहूर कॉमेडियन सत्य प्रकाश श्रीवास्तव यानी राजू श्रीवास्तव जाते-जाते सभी को रुला गए। जिम में वर्कआउट करते हुए राजू को दिल का दौरा पड़ा और कई दिनों तक जिंदगी से लड़ते हुए आखिरकार 21 सितंबर 2022 को उन्होंने दम तोड़ दिया। राजू जो सबको हंसाते थे, उन्होंने अपने जाने के बाद फैंस की आंखों को नम कर दिया।

नृत्य जगत के मशहूर कलाकार कथक नर्तक, संगीतकार और गायक पंडित बिरजू महाराज का निधन इस साल जनवरी में हुआ था। उनका जाना कला जगत के लिए एक बड़ी हानि के समान थी। 16 जनवरी 2022 को, अपने 85वें जन्मदिन से ठीक एक महीने पहले, अपने दिल्ली स्थित घर में दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया और वे इस दुनिया को अलविदा कहकर चले गए।

केके के नाम से मशहूर सिंगर कृष्णकुमार कुन्नत अपनी आवाज के जादू से लोगों के दिलों में बसते थे। के.के अपनी खूबसूरत आवाज के लिए जाने जाते थे। हिंदी के साथ ही तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम, मराठी, ओडिया, बंगाली, असमिया और गुजराती में भी गाना गाते थे, फैंस इनकी आवाज के कायल थे। केके का एक लाइव संगीत कार्यक्रम के दौरान निधन हो गया। परफॉर्मेंस के दौरान वह अस्वस्थ महसूस कर रहे थे और फिर दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हो गई।

शुभदीप सिंह सिद्धू, जिन्हें सिद्धू मूसेवाला के नाम से भी जाना जाता है, पंजाब संगीत जगत का एक जाना माना नाम था। इसके अलावा सिद्धू मूसेवाला संगीतकार, रैपर, गीतकार और अभिनेता भी थे। 29 मई, 2022 को मानसा जिले के जवाहरके गांव में अज्ञात हमलावरों ने मूसेवाला की कार में गोली मार कर उनकी हत्या कर दी थी।

गीताश्री संध्या मुखर्जी का नाम बांग्ला गायिकाओं में शुमार है। संध्या भारत की एक बांग्ला पार्श्व गायिका और गिटारवादक थीं। 1970 में उन्हें जय जयंती और निशि पद्मा फिल्मों में उनके प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ महिला पार्श्व गायिका के राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से नवाजा गया था। 27 जनवरी को सांस फूलने की समस्या की वजह से उनका निधन हो गया था।

पंडित शिवकुमार शर्मा कला जगत के एक संतूर वादक और भारतीय शास्त्रीय संगीतकार थे। शिवकुमार का 10 मई, 2022 को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। जब उनकी मृत्यु हुई तब वे 84 वर्ष के थे। वे कुछ महीनों से किडनी की बीमारी से पीड़ित थे और डायलिसिस पर थे। इनके जाने के बाद कला जगत में शोक ने अपने पांव पसार लिए।