उत्तर प्रदेश से आने वाले इन सितारों का आज बॉलीवुड में है बड़ा नाम, देखें लिस्ट

0
98

मायागरी मुंबई की गलियों में आए दिन हजारों लोग आंखों में एक्टर-एक्ट्रेस बनने का ख्वाब लेकर पहुंचते हैं। कुछ सपने को हकीकत में जीते हैं, तो कुछ खाली हाथ वापस घर लौट जाते हैं। इसी कड़ी में आज हम आपको उन सितारों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखते हैं। ये स्टार्स आज बॉलीवुड इंडस्ट्री पर अपना कब्जा जमा चुके हैं, साथ ही दौलत, शोहरत कमाकर करोड़ों दिलों की धड़कनों पर राज कर रहे हैं। इन सेलिब्रिटीज की लिस्ट में अमिताभ बच्चन से लेकर अनुष्का शर्मा तक शामिल हैं.

सदी का महानायक कहें या बॉलीवुड का शहंशाह, अमिताभ बच्चन ने अपनी मेहनत के दम पर यह टैग हासिल किया है। इंडस्ट्री को तमाम बेहतरीन फिल्में देने वाले बिग बी 80 की उम्र में भी पर्दे पर खासा एक्टिव हैं। शुरुआती दिनों में अमिताभ ने गरीबी का मंजर बड़े करीब से देखा। हालांकि, यह उनका संघर्ष और टैलेंट ही था कि आज वह सुपरस्टार हैं। साथ ही अपनी जिंदगी के पहलुओं से करोड़ों लोगों को प्रेरित कर रहे हैं। यह बात कम ही लोग जानते हैं कि अमिताभ बच्चन उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ताल्लुक रखते हैं। वहीं, आज एक्टर मुंबई में अपने बंगले ‘जलसा’ में रहते हैं, जिसकी कीमत करोड़ों में है।

उत्तर प्रदेश से आकर फिल्मों में नाम कमाने वाले दूसरे स्टार नसीरुद्दीन शाह हैं। नसीरुद्दीन का जन्म वर्ष 1950 में यूपी के बाराबंकी में हुआ था। इन्होंने वर्ष 1980 में हिंदी सिनेमा का रुख किया और अबतक कई बेहतरीन फिल्मों का हिस्सा रह चुके हैं। बतौर वर्सेटाइल एक्टर के तौर पर जाने जाने वाले नसीरुद्दीन फिल्मफेयर पुरस्कार और राष्ट्रीय पुरस्कार समेत कई सम्मान हासिल कर चुके हैं।

इस लिस्ट में तीसरा नाम ‘मैं, मेरी पत्नी, और वो’ से शोहरत हासिल करने वाले सितारे राजपाल यादव का है। राजपाल यादव, उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के एक छोटे से गांव से आते हैं। राजपाल ने एनएसडी से ग्रेजुएशन किया है। वहीं, फिल्मों में राजपाल अपनी एक्टिंग और कॉमेडी के लिए काफी ज्यादा पॉपुलर हैं।

इस लिस्ट में बॉलीवुड हसीना अनुष्का शर्मा का भी नाम शामिल है। अनुष्का शर्मा का जन्म उत्तर प्रदेश के अयोध्या में हुआ था। एक्ट्रेस के पिता आर्मी ऑफिसर रहे हैं, जो कि यूपी से ही ताल्लुक रखते हैं। वहीं, उनकी मां गढ़वाल की हैं। ‘रब ने बना दी जोड़ी’ से करियर की शुरुआत करने वाली अनुष्का एक्ट्रेस के साथ-साथ प्रोड्यूसर भी बन चुकी हैं।