पत्नी के लिए करवा चौथ का व्रत रखते हैं ये सितारे, लिस्ट में विराट-रणवीर के नाम शामिल

0
98

भारत जैसे विविध देश में हर त्योहार बहुत धूमधाम से मनाया जाता है। इन्हीं में एक करवा चौथ का त्योहार भी है, जो हर साल विवाहित जोड़ों द्वारा बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस त्योहार में सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए करवा चौथ का व्रत रखती हैं। इस साल करवा चौथ 1 नवंबर, 2023 को मनाया जाएगा। बॉलीवुड इंडस्ट्री भी इस त्योहार से अछूता नहीं रहा है। बॉलीवुड की कई हसीनाएं अपने पति के लिए करवा चौथ का व्रत रखती हैं, लेकिन आज हम आपको उन सितारों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो अपनी पत्नी की लंबी उम्र के लिए करवा चौथ का व्रत रखते हैं। तो चलिए जानते हैं कि इस लिस्ट में किन सितारों का नाम शामिल है।

बॉलीवुड इंडस्ट्री में अपने डैशिंग लुक से फैंस को मदहोश करने वाले विक्की कौशल भी इस लिस्ट में शामिल हैं। विक्की अपनी पत्नी कटरीना कैफ के लिए करवा चौथ का व्रत रखते हैं। कटरीना कैफ ने पिछले साल अपना पहला करवा चौथ का व्रत रखा था, जिसमें विक्की कौशल ने उनका साथ दिया था। एक इंटरव्यू में कटरीना ने बताया था कि विक्की उनके साथ करवा चौथ का व्रत रखते हैं।

बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह ‘सिंघम अगेन’ को लेकर सुर्खियों में हैं। रणवीर सिंह ने पिछले कुछ वर्षों में सिल्वर स्क्रीन पर बैक-टू-बैक शानदार प्रदर्शन दिए हैं। इंडस्ट्री में अपने अतरंगी ड्रेसिंग सेंस से फैंस के बीच अपनी अमिट छाप छोड़ने वाले रणवीर सिंह भी अपनी पत्नी दीपिका पादुकोण के लिए करवा चौथ का व्रत रखते हैं। एक इंटरव्यू में अभिनेता ने खुलासा किया था कि वह दीपिका के लिए करवाचौथ का व्रत रखते हैं।

अभिनेता आयुष्मान खुराना भी इस लिस्ट में शामिल हैं। पत्नी ताहिरा कश्यप के लिए आयुष्मान का प्यार किसी से छुपा नहीं है। अभिनेता ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट कर खुलासा किया था कि वह अपनी पत्नी के लिए करवा चौथ का व्रत रखते हैं। आयुष्मान ने अपने पोस्ट से बताया था कि उनकी पत्नी करवा चौथ का व्रत नहीं रख सकती हैं। इसलिए वह उनके लिए व्रत करेंगे। यही नहीं, अभिनेता ने साल 2018 में पत्नी के नाम के अक्षर की मेहंदी हाथ में लगाई थी।

भारतीय क्रिकेटर और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के पति विराट कोहली भी उनके लिए हर साल करवा चौथ का व्रत रखते हैं। विराट कोहली ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर इसका खुलासा किया था। फैंस भी विराट की इस बात के मुरीद हो गए थे और इसके लिए क्रिकेटर की जमकर तारीफ भी की थी।

अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय बच्चन की जोड़ी बॉलीवुड की मोस्ट लविंग जोड़ियों में से एक है। अभिषेक अपनी पत्नी से इतना प्यार करते हैं कि वह हर साल ऐश्वर्या के लिए करवा चौथ का व्रत रखते है। एक इंटरव्यू में अभिषेक की को-स्टार ने बताया था कि करवा चौथ के दिन अभिनेता ने पत्नी के लिए व्रत रखा था, लेकिन वह सरगी करना भूल गए थे।

अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा का नाम भी इस लिस्ट में शामिल है। शिल्पा हर साल अपने पति के लिए करवा चौथ का व्रत रखती है। बता दें कि उनके पति राज कुंद्रा भी हर साल अपनी पत्नी के साथ करवाचौथ का व्रत रखते हैं।