रणबीर कपूर ने खुद को गिफ्ट की नई बेंटले कार, मुंबई की सड़कों पर घूमते हुए वीडियो वायरल देखें

0
58

बॉलीवुड सेलेब्स में कारों को लेकर एक अलग ही क्रेज देखने को मिलता है। इन सितारों के कार कलेक्शन में एक से बढ़कर एक कार शामिल हैं। इन सितारों की लिस्ट में रणबीर कपूर का नाम भी शामिल है। रणबीर को भी हाई-एंड कारों का काफी शौक है। अब उन्होंने अपने इस कलेक्शन में एक और लग्जरी कार शामिल की है।

रणबीर कपूर ने एक नई लक्जरी कार खरीदी है। अभिनेता ने नीले रंग की बेंटले कॉन्टिनेंटल जीटी वी8 खरीदी है, जिसकी कीमत 8 करोड़ रुपये है। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है। इसमें उनकी ये शानदार कार दिखाई दे रही है। वीडियो में रणबीर कार चलाते हुए मुंबई की सड़कों पर ड्राइव करते नजर आ रहे हैं।

वहीं एक वीडियो में अभिनेता भीख मांग रहे एक बुजुर्ग व्यक्ति को कुछ पैसे देते हुए दिखाई दे रहे हैं। फैंस को रणबीर कपूर की नई कार बेहद पसंद आ रही है। फैंस वीडियोज में कमेंट कर अभिनेता को उनकी नई कार बेंटले कॉन्टिनेंटल जीटी वी8 के लिए बधाई दे रहे हैं।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Varinder Chawla (@varindertchawla)

पिछले साल उनके जन्मदिन पर एक रिपोर्ट में बताया गया था कि रणबीर के कलेक्शन में मर्सिडीज-एएमजी जी 63, रेंज रोवर इवोक, रेंज रोवर स्पोर्ट, ऑडी ए8 और ऑडी आर8 जैसी कार शामिल है। पिछले साल रणबीर और उनकी पत्नी और अभिनेत्री आलिया भट्ट को उनकी रेंज रोवर में नई दिल्ली में राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह के लिए जाते हुए देखा गया था। इस दौरान आलिया को ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के पुरस्कार से नवाजा गया था।

रणबीर कपूर के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह आखिरी बार संदीप रेड्डी वांगा के निर्देशन में बनी फिल्म ‘एनिमल’ में नजर आए। उनकी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट साबित हुई थी। उनके पास पाइपलाइन में कई प्रोजेक्ट्स मौजूद हैं। रणबीर जल्द ही निर्देशक संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘लव एंड वॉर’ में आलिया भट्ट और विक्की कौशल के साथ नजर आएंगे। इसके अलावा उनके ‘एनिमल’ के सीक्वल ‘एनिमल पार्क’ भी है। वहीं, रणबीर ‘ब्रह्मास्त्र 2’ में मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रणबीर नितेश तिवारी की ‘रामायण’ में राम की भूमिका में दिखेंगे।